श्री नीतीश कुमार ने राज्य के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

प्रश्न- हाल ही में बिहार के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में श्री नीतिश कुमार ने शपथ ली, उन्होंने चौथी बार इस पद हेतु शपथ लिया, सर्वप्रथम वे बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कब निर्वाचित हुए थे?
(a) वर्ष 2000 में
(b) वर्ष 2004 में
(c) वर्ष 1995 में
(d) वर्ष 1996 में
उत्तर-(a)
संबंधित तथ्य

  • 22 फरवरी, 2015 को श्री नीतीश कुमार ने चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।
  • महामहिम राज्यपाल श्री केशरी नाथ त्रिपाठी द्वारा मुख्यमंत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ पटना स्थित राजभवन के राजेंद्र मण्डप में दिलायी गई।
  • ज्ञातव्य है कि उन्होंने बिहार के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है।
  • श्री नीतीश कुमार के साथ राज्य मंत्रिमंडल के अन्य 22 सदस्यों (तीन महिला सदस्य भी शामिल) को भी राज्यपाल श्री केशरी नाथ त्रिपाठी द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गई।
  • नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च, 1951 को बिहार के बख्तियारपुर, पटना में हुआ था।
  • वर्ष 1985 में वे प्रथम बार बिहार विधान सभा के सदस्य के रूप में चुने गए थे।
  • वे कुल छह (6) बार (वर्ष 1989, 1991, 1996, 1998, 1999, तथा 2004) लोकसभा सदस्य के रूप में चुने जा चुके हैं।
  • अप्रैल 1990 से नवंबर 1990 के मध्य वे केंद्रीय कृषि और सहकारिता राज्य मंत्री के पद पर थे।
  • वर्ष 1998-99 में वे केंद्रीय रेल मंत्री, भूतल परिवहन (अतिरिक्त प्रभार) मंत्री के पद पर कार्यरत रहे।
  • वर्ष 2000 में इन्होंने प्रथम बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था किन्तु 7 दिन के पश्चात अपने पद से इस्तीफा दे दिया था (कार्यकाल-3-3-2000 से 10-3-2000 तक)।
  • वर्ष 2005 में दूसरी बार तथा वर्ष 2010 में तीसरी बार उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया था, उल्लेखनीय है कि उन्होंने वर्ष 2014 में अपने पद से उस वक्त इस्तीफा दे दिया था जब लोक सभा चुनाव में उनकी पार्टी (JDU) द्वारा निराशाजनक प्रदर्शन सामने आया था।
  • ध्यातव्य है कि इससे पूर्व जीतन राम मांझी 20.05.2014 से 22.02.2015 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे।

संबंधित लिंक भी देखें…
http://www.prdbihar.in/AdminPanel/Files/PressRelease/179.pdf
http://www.prdbihar.in/AdminPanel/Files/PressRelease/178.pdf
http://gov.bih.nic.in/Governance/NitishKumar.htm